देहरादून। हीरोइन के साथ पकड़े गए युवकों को छोड़ने का मामला पुलिस के गले की फांस बन गया है। एसएसपी ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए नारकोटिक्स सेल के प्रभारी और धारा पुलिस चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच करने की जिम्मेदारी एसपी सिटी को दी है।
नारकोटिक्स सेल ने मंगलवार को डालनवाला इलाके में छापा मारकर हीरोईन की पुडिया के साथ कई युवक हिरासत में लिए थे। आरोप है कि पुलिस ने अधिकारियाें को विश्वास में लिए बिना ही सौदेबाजी कर उन्हें छोड़ दिया था। यह मामला उछला तो अधिकारियों ने छानबीन कराई। एसएसपी केवल खुराना ने नारकोटिक्स सेल प्रभारी देवेन्द्र गौरव को तलब कर पूरे घटनाक्र म की जानकारी तलब की है। प्रथम दृष्टया आरोप को सही मानते हुए एसएसपी ने नारकोटिक्स सेल के प्रभारी देवेन्द्र गौरव के अलावा एक सिपाही और धारा चौकी प्रभारी नीरज को लाइन हाजिर कर दिया था। जबकि पूरे मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी गई है।