देहरादून। वीजा अवधि बढ़ाने के लिए अब विदेशी मेहमानों को एलआईयू के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ऐसा संभव होगा एलआईयू के फोरनर रजिस्ट्रेशन ऑफिस के ऑन लाइन होने से। काम शुरू हो चुका है और 15 फरवरी तक सेवा को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही विदेशियों का डाटा ऑन लाइन उपलब्ध रहेगा।
गृह मंत्रालय ने देश की सुरक्षा और विदेशी मेहमानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह योजना लागू की है। देहरादून से पहले हरिद्वार में यह सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। एसएसपी ऑफिस में स्थित अभिसूचना इकाई के विदेशी रजिस्ट्रेशन ऑफिस को कंप्यूटरीकृत करने का काम शुरू हो गया है। एसएसपी केवल खुराना ने बताया कि सेवा शुरू होने के बाद वीजा बढ़ाने के लिए ऑन लाइन आवदेन किया जा सकेगा। आवेदन पर विभाग द्वारा एक तिथि दी जाएगी। उस तिथि पर आकर वे तमाम औपचारिकताएं पूरी कर सकते हैं। जिले में हर साल तीन से चार सौ विदेशी वीजा अवधि बढ़ाने के लिए आवेदन करते हैं, इनमें काफी छात्र भी शामिल होते हैं।