देहरादून। दस साल से नौकरी कर रहे नगर कोतवाली के मुंशी को ये तक पता नहीं था कि थाने में उसके जिम्मे कितने और किस तरह के रजिस्टर हैं। निरीक्षण पर पहुंचे एसएसपी ने नाइट रजिस्टर मांगा तो मुंशी बगलें झांकने लगा। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी केवल खुराना ने मुंशी संजय कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया। इसके अलावा जब एसएसपी कोतवाली पहुंचे तो सुरक्षा ड्यूटी पर खड़ा सिपाही उन्हें सशस्त्र सलामी नहीं दे पाया। उन्होंने सिपाही को फटकार लगाई और सलामी का तरीका सीखने को दस मिनट का वक्त दिया। उन्होंने सलामी नहीं आई तो लाइनहाजिर होना पड़ेगा। हालांकि इससे घबराए सिपाही ने उनके लौटने तक सही ढंग से सलामी देना सीख लिया और एसएसपी के गुस्से से बच गया।
चौकी इंचार्ज खुड़बुड़ा को हटाया
काम में लापरवाही के चलते एसएसपी केवल खुराना ने खुड़बुड़ा चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह को हटा दिया। उन्हें थाना कैंट भेजा गया है। जबकि थाना कैंट के दारोगा विरेंद्र सिंह को खुड़बुड़ा चौकी इंचार्ज बनाया गया है।