देहरादून। कुछ दिन शांत रहने के बाद राजधानी में चेन लुटेरे फिर सक्रिय हो गए हैं। सोमवार दोपहर बाइकसवार दो बदमाशों ने एक महिला को रोका और चेन झपटकर फरार हो गए। सूचना पर देर शाम तक शहर भर में चेकिंग की गई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं मिला। देर शाम एसएसपी केवल खुराना ने पीड़ित महिला के घर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
सोमवार अपराह्न साढ़े तीन बजे सत्तों की घाटी निवासी विजया शर्मा पत्नी ओमप्रकाश शर्मा बेटे को स्कूल से लेकर घर लौट रही थी। जीएमएस रोड पर विक्रम से उतरकर वह काली मंदिर एनक्लेव से पैदल घर की ओर जा रही थी। गली नंबर चार के सामने एक खाली प्लाट के पास एक बाइक पर सवार दो लोग तेजी से सामने से आए और विजया के बिलकुल बगल से निकल गए। विजया ने उन्हें ठीक से बाइक चलाने की हिदायत दी और आगे निकल गई। बदमाश कुछ दूर जाकर बदमाश लौटे और उसे कुछ कहते हुए रोक लिया। तभी पीछे बैठे युवक ने विजया की चेन झपट ली और उसे धक्का देकर दोनों फरार हो गए। विजया किसी तरह उठी और शोर मचाया, लेकिन सुनसान क्षेत्र होने से कोई नहीं आया। महिला ने तुरंत 100 नंबर पर सूचना दी। सूचना पर वसंत विहार पुलिस मौके पर पहुंची। महिला से जानकारी लेकर सघन चेकिंग की गई। विजया के अनुसार बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना हुआ था। जबकि दूसरे की उम्र करीब पैंतीस साल थी। विजया के पति ठेकेदार थे, कुछ समय पूर्व उनका निधन हो गया।
उधर, एसएसपी केवल खुराना ने सारे थानेदारों और चौकी इंचार्ज को सड़कों पर चेकिंग के निर्देश दिए। देर शाम एसएसपी विजया के घर पहुंचे और घटना के जल्द खुलासे का आश्वासन दिया। एसएसपी के निर्देश पर घटना के कुछ ही देर बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।