देहरादून। ‘हैलो, प्रधानजी कैसे हैं। मैं एडीएम बोल रही हूं। आपके गांव के क्या हाल हैं, जानने के लिए फोन किया है। बताइए कोई समस्या तो नहीं, विकास कार्य ठीक से तो चल रहे हैं न। स्वास्थ्य केंद्रों, राशन की दुकानों, स्कूलों में कहीं कोई दिक्कत तो नहीं।’ सोमवार को डीएम के निर्देश के बाद अपर जिलाधिकारी झरना कमठान जिले के कुछ ग्राम प्रधानों से कुछ इस तरह बात की। उनसे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई और परेशानियों के बारे में भी पूछा गया।
सोमवार को जिलाधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक की। उन्होंने एडीएम अर्चना गहरवार और झरना कमठान को प्रधानों से बातचीत करने के निर्देश दिए। उन्हें हर रोज तीन-तीन प्रधानों से बात कर रिपोर्ट प्रतिदिन शाम को देनी है।
बैठक के तुरंत बाद ही एडीएम झरना कमठान ने आमवाला, मोथरोवाला और सनगांव के प्रधानों के फोन घनघनाए। पहले तो तीनों प्रधान अचानक एडीएम का फोन आने पर हैरत में आ गए। लेकिन, एडीएम के पूरी बात समझाने पर उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में बताया। एडीएम के मुताबिक तीनों जगह राशन की दुकानों में अनियमितता की शिकायत ही बड़ी रही। इस संबंध में डीएम को अवगत कराया जाएगा। इसी तरह एडीएम गहरवार ने भी प्रधानों को फोन कर जानकारी ली।