देहरादून। पीएनबी कॉलोनी में एक रिटायर्ड बैंक अधिकारी की पत्नी से चेन लूट का प्रयास किया गया, जिसमें महिला धक्का लगने से गिर गई। उसकी चेन भी टूट गई। महिला के अनुसार बाइक सवार किसी इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्रा मालूम पड़ रहे थे।
घटनाक्रम के अनुसार पीएनबी कॉलोनी निवासी रिटायर्ड बैंक अधिकारी शौकीन सिंह की पत्नी भगवान देवी भंडारी शाम करीब पांच बजे किसी परिचित के यहां जा रही थीं। आरोप है कि घर से कुछ ही दूरी पर गली में एक बाइक सवार युवक और पीछे मुंह ढककर बैठी युवती ने उनके गले पर झपट्टा मारा, जिससे महिला की चेन टूटकर नीचे गिर पड़ी। साथ ही महिला भी वहीं गिर पड़ी। शोर मचाने पर बाइक सवार युवक-युवती वहां से भाग निकले। चेन लूट की सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंची। महिला के अनुसार चेन लुटेरे किसी संस्थान के छात्र-छात्राएं मालूम पड़ रहे थे, जबकि पुलिस का कहना है कि गली तंग होने की वजह से महिला को टक्कर लग गई होगी।