देहरादून। देखने के बहाने एक ज्वैलरी शॉप से सोने के कंगन चुराने की कोशिश करतीं चार महिलाओं को दुकान मालिक ने अन्य लोगों की मदद से दबोच लिया। पुलिस को पिछले महीने एक अन्य ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी के मामले में भी इन महिलाओं पर शक है। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर चार महिलाएं गोपी ज्वैलर्स में पहुंचीं। उन्होंने दुकान स्वामी को कुछ जेवर दिखाने को कहा। कुछ देर बाद दो महिलाओं ने चार सोने के कंगन पर्स में डाल लिए। तभी बाहर से आ रहे दुकान मालिक के बेटे ने एक महिला को ऐसा करते देख लिया। उसके शोर मचाने पर लोग जमा हो गए और चारों को पकड़ लिया। इस बीच गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। तलाशी में उनके पास से कंगन बरामद कर लिए गए। इसके बाद उन्हें कोतवाली ले जाया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर पता लगा रही है कि बीते माह अमित ज्वैलर्स में हुई चोरी में भी वे शामिल थीं या नहीं।