देहरादून। खेलों के मामले में जमीन आड़े आ रही है। लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा विश्वविद्यालय के रीजनल एक्सटेंशन सेंटर का मामला जमीन नहीं मिल पाने के कारण खटाई में पड़ गया है। जबकि साई सेंटर के लिए भी खेल विभाग की तरफ से ठीक से फालोअप नहीं किया जा रहा है।
साथ बने अन्य राज्यों के साथ उत्तराखंड भी नेशनल गेम्स की दावेदारी की तैयारी कर रहा है। लेकिन बुनियादी सुविधाओं को देखा जाए तो राज्य मीलों पीछे चल रहा है। कई मामले समय-समय पर उठते रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि शारीरिक शिक्षा के लिए राज्य में उच्चस्तरीय संस्थान के पड़ते पैरों को भी रोक दिया गया। करीब चार साल पहले लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा विश्वविद्यालय के रीजनल एक्सटेंशन सेंटर को लेकर काफी तेजी दिखाई गई थी। विश्वविद्यालय की तरफ से खेल विभाग से सौ एकड़ जमीन मांगी गई थी। लेकिन खेल विभाग केवल 40 एकड़ जमीन की व्यवस्था ही कर पा रहा था। जबकि साथ लगी 40 एकड़ वन भूमि को लेकर भी बात उठी थी, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ पाई। काफी मशक्कत के बाद भी जमीन का इंतजाम नहीं होने के कारण विश्वविद्यालय ने आखिर कदम पीछे खींच लिए।
इसी तरह खुद भारतीय खेल विकास प्राधिकरण के निदेशक समेत अन्य अधिकारी राजधानी का दौरा कर चुके हैं। खेल विभाग की तरफ से प्रस्ताव तो गया, लेकिन इसका सही तरीके से फालोअप नहीं होने के कारण सेंटर भी बीच में लटका हुआ है। साफ है कि देश की उच्च स्तरीय सुविधाओं का फायदा उठाने के लिए राज्य के खेल अधिकारी ज्यादा दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।
विश्वविद्यालय का वीसी बदल जाने के कारण वहां से बाद में कोई रिस्पांस नहीं मिला है। जमीन के ट्रांसफर के लिए तो यहां फाइल चला दी गई थी।
-आरएस रावत, उपनिदेशक खेल