कानपुर में आईआईटी गेट के पास एक दरिंदे पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। चींख पुकार सुन मौके पर पहुंचे पड़ोसियों को धक्का देकर आरोपी पति छज्जे से कूदकर भाग गया। मृतका की मां ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मृतका की मां सुशीला का आरोप है कि उसका दामाद अफजल उर्फ छोटू बेटी सुनैना(35) पर अपनी तीसरी बीवी के साथ रहने का दबाव बना रहा था। बेटी के विरोध करने पर वह उसे मारता पीटता था। शनिवार देर रात उसने उसकी बेटी को मार डाला। उधर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ग्राम जल्लाबाद गुरसहायगंज कन्नौज निवासी अफजल घटना के बाद से फरार है।
अफजल और सुनैना दोनों की यह दूसरी शादी थी। सुनैना की एक बेटी भी है जिसका नाम मनीषा (13) है। अफजल की जल्लाबाद में जूते चप्पलों की दुकान है। वह अपनी पहली बीवी से हुए बेटे गुड्डू (7) के साथ रहता है।
बेटी मनीषा के मुताबिक छह साल पहले उसकी मां उसे लेकर कानपुर आ गई और आईआईटी के आसपास किराये पर रहने लगी। घर पर ही फूलमाला बनाकर सुनैना अपना और बेटी का जीवन चला रही थी। मनीषा मंधना के एक इंटर कालेज में सातवीं की छात्रा है।
महीने में दो तीन बार अफजल सुनैना से मिलने आता था। शनिवार सुबह मनीषा अपनी नानी सुशीला के पास बकोठी खास बिठूर चली गई थी। घर पर सुनैना अकेली थी। इस दौरान अफजल घर आया और पत्नी पर साथ चलने का दबाव बनाने लगा। दोनों की झगड़ने की आवाज से पड़ोसी इकठ्ठा हो गए। तब दोनों शांत हो गए। रात को तकरीबन 2 बजे फिर से मारपीट की आवाजें आने लगी। इस बार पड़ोसी सीधे सुनैना के घर में देखने जा पहुंचे। इतने में अफजल सुनैना की हत्या कर फरार हो गया।
हत्यारे पति ने सुनैना के मुंह में कपड़ा ठूंसा था। पड़ोसियों के फोन पर एसओ बिठूर रवि श्रीवास्तव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजने के बाद पुलिस ने सुनैना की मां और उसकी बेटी को घटना की सूचना दी।