गांव चप्पड़चिड़ी स्थित शामलात की करीब एक एकड़ भूमि के विवाद के कारण रविवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। शामलात की भूमि के सामने रहने वाले सुखदेव सिंह व अन्य कुछ गांव वासियों ने आरोप लगाया कि सरपंच रणधीर सिंह शामलात की भूमि पर चारदीवारी का निर्माण करे रहे हैं। वहीं, गांव के कुछ लोगों ने बताया कि इस निर्माण का विरोध कर रहे सुखदेव सिंह बहुजन समाज पार्टी के जिला सचिव हैं। वहीं, सरपंच रणधीर सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शामलात की भूमि पर सुविधा सेंटर बनाया जा चुका है।
इसी सेंटर के साथ-साथ गांव के गरीब लोगों के विवाह व अन्य कार्यक्रमों के लिए यहां पर कम्युनिटी सेंटर बनाने की योजना है। कम्युनिटी सेंटर के लिए रविवार को इस जगह पर चारदीवारी का निर्माण शुरू करवाया गया। उन्होंने बताया कि गांव के कुछ लोग विकास कार्यों में रोड़ा अटकाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को बीडीपीओ मौके का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद स्पष्ट हो जाएगा कि पंचायत कोई भी गलत काम नहीं करा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य का विरोध करने वाले सुखदेव सिंह ने इस मामले की सूचना बलौंदी पुलिस थाना में दी थी। गांव में तनाव की सूचना मिलते ही बलौंदी के थाना प्रभारी सतनाम सिंह विर्क मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने सभी पक्षों से बात की। फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है और सोमवार को इस निर्माण कार्य का जायजा बीडीपीओ लेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।