वाराणसी के जगतपुर में गुरुवार देर रात सड़क हादसे में एक्सयूवी सवार एक किसान की मौत हो गई। सूचना पाकर रोहनिया थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रोहनिया थाना अंतर्गत दरेखू निवासी किसान मनोज कुमार शर्मा (43) गुरुवार देर रात राजातालाब स्थित रिश्तेदार के घर से अपनी एक्सयूवी से अपने घर जा रहे थे।
जगतपुर के समीप अचानक सामने आए बाइक सवार से टक्कर बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर उनकी एक्सयूवी पेड़ से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल मनोज को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े मनोज दो पुत्रों और एक पुत्री के पिता थे। उधर, सड़क हादसे में मनोज की मौत की जानकारी पाकर उनकी पत्नी इंदू देवी, पिता रामकृष्ण शर्मा और मां पारस देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। क्षेत्र के बड़े काश्तकार की सड़क हादसे में मौत की सूचना पाकर दरेखू सहित आसपास के गांव के अन्य लोग भी मंडलीय अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।