जिले की सीमाओं पर लूट की दो घटनाएं हुई। इटावा बार्डर पर बाइक सवार लुटेरों ने तमंचे के बल पर दंपति से लूट की तो मैनपुरी बार्डर पर लुटेरों ने भाई-बहन से रुपये व जेवरात लूट लिए। पुलिस लुटेरों की धरपकड़ में जुटी रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
पहली घटना इटावा जिले के बार्डर पर ग्राम चडौआ के पास हुई। इटावा के थाना चौबिया अंतर्गत ग्राम नगला सिंह निवासी प्रदीप कुमार अपनी पत्नी उमा देवी के साथ बाइक से घर जा रहे थे। दोनों भाग्यनगर खिरिया से लौट रहे थे। गांव के पास सफेद रंग की बाइक पर सवार दो लुटेरों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे के बल पर तीन अंगूठी, एक जंजीर व तीन हजार रुपये लूट लिए।
सूचना मिलते ही सकरावा चौकी इंचार्ज सतीशचंद्र व एसओ रामप्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे और दंपति से घटना के बारे में पूछताछ की। प्रदीप कुमार ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। दूसरी घटना मैनपुरी के बार्डर पर ग्राम दौलताबाद के पास हुई। यहां सौरिख थाना क्षेत्र के सरायप्रताप निवासी राजेश कुमार अपनी बहन पूजा के साथ बाइक से ग्राम कुम्हौल जा रहे थे।
जनपद के बार्डर पर काली रंग की पल्सर पर सवार दो लुटेरों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे के बल पर तीन अंगूठी व 45 सौ रुपये लूट लिए। इसके बाद लुटेरे जनपद मैनपुरी के ग्राम ऊंचा इस्लामाबाद की तरफ भाग गए। एसओ रामप्रकाश पांडेय ने लुटेरों की धरपकड़ के प्रयास किए, लेकिन देर शाम तक कोई भी लुटेरा पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। सीओ श्रीकांत प्रजापति ने बताया एसओ को लुटेरों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए हैं।