हेलमेट लगाए बगैर बाइक से लंबा सफर कर रहे दो भाइयों को अपनी इस गलती की कीमत जान गंवाकर चुकानी पड़ी। मैनपुरी में करहल थाने के मीठेपुर गांव के पास सोमवार देर शाम बेकाबू ट्रक की टक्कर से दोनों घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की सैफई पीजीआई में मौत हो गई।
ग्राम प्रधान विनोद यादव ने बताया कि जारपुरा गांव के अरविंद कुमार (32) व आसाराम (44) पुत्रगण रामस्वरूप बाइक से फुफेरी बहन की शादी में शामिल होने फिरोजाबाद जा रहे थे। उनके साथ आसाराम का 17 वर्षीय पुत्र रॉबिंस भी था। अरविंद बाइक चला रहा था। जैसे ही वे मीठेपुर के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
तीनों घायल हो गए। बाइक सवारों के सिर में गंभीर चोटें आईं। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। राहगीरों ने तीनों घायलों को सैफई पीजीआई में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने अरविंद और आसाराम दोनों को मृत घोषित कर दिया, जबकि रॉबिंस की हालत गंभीर बनी हुई है। दो मौतों की खबर से जारपुरा गांव में कोहराम मच गया।