पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा साहिब में हुई मोबाइल चोरी की बड़ी वारदात के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की है। लाखों की मोबाइल चोरी मामले में सिरमौर पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने तीसरे आरोपी को हरियाणा के मेवात से गिरफ्तार किया है। यह आरोपी अंतरराज्यीय चोर गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है। यह अपने लैपटाप से मोबाइलों के आईएमईआई बदलता था। इस मामले में सिरमौर पुलिस ने वह लैपटॉप भी बरामद कर लिया है जिससे आईएमईआर्ई बदलने के कार्य को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी वसीम को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की पुष्टि एसपी रोहित मालपानी ने की है। पुलिस ने तीसरे आरोपी से बरामद लैपटॉप सहित वह सॉफ्टवेयर भी सीज कर दिया है, जिससे वह आईएमईआई बदलता था। उन्होंने बताया कि इस मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।