हाईवे में घटना स्थल पर बिखरे पड़े गैस सिलेंडर
- फोटो : amar ujala
हाईवे पर चंदौखी मोड के पास तेज रफ्तार ट्रक व सिलेंडर भरे कंटेनर की आमने सामने भिड़ंत हो गई। इसमें घटनास्थल पर ही ट्रक चालक ने दम तोड़ दिया। ट्रक के खलासी की कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं कंटेनर के चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल होकर फंस गए। पुलिस ने इनको निकलवाकर एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया है। इस भीषण दुर्घटना में हाईवे पर दोनों के वाहनों के फं स जाने से आवागमन ठप हो गया। फिलहाल क्रेन मशीन मंगाकर ट्रकों को हटाया गया और लगभग डेढ़ घंटे बाद आवागमन सुचारु हो सका।
कानपुर-सागर हाईवे पर चंदौखी मोड़ पर रविवार दोपहर करीब दो बजे महोबा से कानपुर की ओर जा रहे डस्ट से भरे ट्रक की सिकंदराबाद से हैदराबाद जा रहे खाली सिलेंडरों से भरे कंटेनर से सामने से टक्कर मार हो गई। इसमें दोनों वाहनों के के बिन चकनाचूर हो गए और ट्रक चालक नौबस्ता कानपुर निवासी राजेश (25) पुत्र छोटेलाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रक के खलासी, जिसका नाम-पता नहीं ज्ञात हो सका, की भी कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
वहीं कंटेनर के चालक जनपद बांदा के ग्राम गोयरा निवासी शमसाद (30) पुत्र शौकत व उसी गांव का खलासी मोहसिन (25) पुत्र कासिम भी गंभीर रूप से घायल होकर वाहन में फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को मशक्कत से बाहर निकाला और सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां से दोनों को गंभीर हालत मतें कानपुर भेजा गया है।