थाने से लौटकर युवक ने खुद को लगाई आग
शादी टूटने से क्षुब्ध होकर उठाया यह कदम
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर ।
शादी टूटने की शिकायत थाने में न सुने जाने से क्षुब्ध युवक ने शनिवार की रात शराब के नशे में खुद को आग लगा ली। परिजनाें ने आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया।
मलवां थाना क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी रमेश के बेटे विजय शंकर (32) की करीब दस साल पहले शादी हुई थी। बताया जाता है कि उसके शराब पीने की आदत से परेशान होकर पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी। उन दोनों के बीच रिश्ते खत्म हो गए थे। कुछ दिनाें पहले उसकी दूसरी शादी तय हुई। लड़की पक्ष को विजय शंकर के बारे में मालूम चला तो रिश्ता तोड़ दिया।
वह शनिवार की शाम थाने पहुंचा। उसने शादी तोड़ने को लेकर लड़की पक्ष पर कार्रवाई की मांग की। ऐसी शिकायत में पुलिस ने कुछ न कर पाने की बात कही। इससे क्षुब्ध होकर युवक ने रात को केरोसिन डालकर आग लगा ली।
परिजनों ने कपड़े डालकर आग बुझाई। जिला अस्पताल से डॉक्टरों ने कानपुर हैलट रेफर कर दिया। एसओ अनूप सिंह का कहना है कि उनके सामने युवक नहीं आया था। वे मामले की जांच कराएंगे।