चंडीगढ़ के सेक्टर-8 की मार्केट से हिमाचल के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की पत्नी का कार से 2.50 लाख नकदी और लाखों रुपये के गहनों से भरा बैग चोरी हो गया। जब ड्राइवर कार में बैठा था, इसी बीच शातिर चोर ने ड्राइवर को दस-दस रुपये के नोट गिरने का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया। बैग नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर ड्राइवर से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मनाली के गांव सिमसा निवासी परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की पत्नी रजनी ठाकुर ने शिकायत में बताया कि वह चंडीगढ़ किसी काम से आई थीं। वह बीते दोपहर को कार से सेक्टर-8 स्थित हेडमास्टर सैलून में आईं। इस दौरान कार (एचपी66-0001) ड्राइवर ने पार्किंग में खड़ी कर दी। सैलून से करीब चार घंटे बाद वापस हिमाचल भवन पहुंचीं। वहां जाकर पता चला कि कार में रखा बैग गायब है। बैग में 2.50 लाख रुपये, मेटल नेकलेस और कुछ जरूरी कागजात थे।
ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि वह कार में बैठा था, इस दौरान उसके पास एक युवक आकर बोला कि बोनट के पास दस-दस के 4 से 5 नोट गिरे हैं। वह कार से नीचे उतरकर नोट उठाने लगा, तभी पलटकर देखा तो वहां खड़ा युवक गायब है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक ओर पुलिस के शक की सुई ड्राइवर की ओर भी घूम रही है, जबकि दूसरी तरफ पुलिस आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई है।