हरियाणा में आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए राज्य की पुलिस ने प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी है। सभी पुलिस अधीक्षकों को यह निर्देश दे दिए गए हैं कि विशेष निगरानी टीमें बनाकर जिलों की सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद कर दी जाए। पुलिस महकमे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है।
धार्मिक स्थानों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों सहित सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी के लिए मौखिक तौर पर कहा गया है। हाल ही में पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के बाद राज्य की पुलिस भी कोई रिस्क नहीं लेना चाहती है। राज्य में पिछले दिनों बसों में हुए विस्फोट की घटनाओं को भी नकारा नहीं जा सकता है। लिहाजा पुलिस के लिए यह अलर्ट किसी चुनौती से कम नहीं है। खुफिया एजेंसियों ने पुलिस को चेताया है कि शरारती तत्व हरियाणा में आतंकी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
पुलिस ने सैन्य क्षेत्रों के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है। सेना की खुफिया ऐजेंसियों के साथ भी तालमेल किया जा रहा है। कुछ वर्ष पहले अंबाला में बरामद आरडीएक्स भी इस बात का संकेत है कि हरियाणा आतंकियों की नजर में है।
सूत्रों के मुताबिक सेना की महत्वपूर्ण कोर होने के कारण भी हरियाणा आईएसआई के निशाने पर रहता है। पूर्व में पकड़े गए आईएसआई के एजेंटों से इस बावत जानकारियां भी मिल चुकी है। बहरहाल अब पुलिस की नजर पाकिस्तान से आने और जाने वाले वाली टेलीफोन काल पर हैं।