पीलीभीत।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मझोला की रसोइया को एसडीएम व बीएसए ने संयुक्त रूप से छापा मारकर चोरी के सामान सहित पकड़ लिया। उसे कोतवाली पुलिस केे सुपुर्द कर सूचना वार्डन को दी गई। वार्डन की तहरीर पर पुलिस ने रसोइया रामलली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अमरिया ब्लॉक क्षेत्र के मझोला में बना कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पिछले कई माह से चर्चा में बना हुआ है। पहले एक छात्रा ने वार्डन पर तमाम आरोप लगाए थे, जिस पर वार्डन की सेवा समाप्त कर दी गई थीं। इसके बाद चौकीदार पर कमरे में घुसने का आरोप लगाया था। इस मामले में कार्रवाई से पहले ही चौकीदार ने इस्तीफा दे दिया। अब स्कूल की रसोइया बच्चों को खाने को आए सामान को चोरी करके लाते समय पकड़ी गई है। मुखबिर की सूचना पर एसडीएम अमरिया वंदना त्रिवेदी ने बीएसए इंद्रजीत प्रजापति के साथ मझोला से सामान चुराकर लाई रसोइया रामलली को शहर में ऑटो से उतरकर घर जाते समय पकड़ लिया। रसोइया के पास से एक लीटर रिफाइंड, चीनी, दही, दूध की थैली, बिस्कुट सहित काफी सामान बरामद हुआ। एसडीएम से कोतवाली पुलिस बुलाकर रसोइया को उसके सुपुर्द कर दिया। वहीं बीएसए इंद्रजीत प्रजापति के निर्देश पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन शशीबाला ने सदर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। वार्डन की तहरीर पर पुलिस ने रसोइया रामलली के खिलाफ चोरी और माल बरामदगी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।