कोतवाली क्षेत्र के भसड़ा गांव से 10 दिन पूर्व लापता एक युवती का शव को बुधवार को गांव के बाहर एक कुएं में संदिग्ध हालत में मिला। परिवारीजनों ने फिलहाल किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
भसड़ा गांव निवासी गुरुप्रसाद की पुत्री अनीशा (20) 15 अप्रैल को घर से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। परिवारीजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस मामले में 16 अप्रैल को टांडा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करा दी गई।
इस बीच बुधवार सुबह शौच के लिए गांव के बाहर स्थित बाग की तरफ गए कुछ लोगों ने दुर्गंध महसूस किया। इसके बाद वे सब बगल स्थित एक कुएं की तरफ गए तो वहां अंदर शव पड़ा हुआ था। कुछ देर में ही बड़ी तादाद में ग्रामीण एकत्र हो गए। टांडा पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव निकलवाया गया तो उसकी पहचान अनीशा के रूप में हुई। परिवारीजनों में इस पर कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को बाद में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
परिवारीजनों ने बुधवार देरशाम तक न तो कोई आरोप लगाया था, और न ही थाने में कोई तहरीर दी। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेन्द्र यादव ने बताया कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में सही स्थिति सामने आएगी।