लखनऊ के चिनहट से अपहृत व्यापारी के पुत्र को लखनऊ एसओजी पुलिस और सर्विलांस की टीम ने महोबा पुलिस की मदद से पूर्व श्रम मंत्री और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष बादशाह सिंह के खरेला स्थित कृषि फार्म हाउस से अपहरणकर्ताओं समेत बरामद कर लिया।
एसओजी पूर्व मंत्री के पुत्र समेत तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लखनऊ ले गई है।
जिले के कस्बा खरेला निवासी कुंवर बादशाह सिंह बसपा शासन में श्रम मंत्री रहे। पूर्व मंत्री ने लखनऊ में आवास भी बना लिया है। जहां उनका बेटा शिवा सिंह रहता है। शनिवार को लखनऊ के व्यापारी अमित जायसवाल का पुत्र शिवम (17) कोचिंग पढ़ने जा रहा था तभी रास्ते में पूर्व श्रम मंत्री के बेटे शिवा सिंह, प्रबल और राजेश नाई समेत तीन लोगों ने उसका अपहरण कर चार पहिया वाहन में डाल लिया और शिवा सिंह शिवम को महोबा के गृह नगर खरेला में बने कृषि फार्म हाउस में ले आया।
शाम तक बेटे के घर न पहुंचने पर अपहृत किशोर के पिता ने थाना चिनहट में अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुुकदमा दर्ज करा दिया। दिन दहाड़े लखनऊ में अपहरण होने की सूचना से खलबली मच गई।
लखनऊ पुलिस व एसओजी टीम के अलावा सर्विलांस टीम ने शनिवार को अपहृत शिवम जायसवाल के मोबाइल को सर्विलांस पर लेकर लोकेशन ली। शनिवार रात 11 बजे जिले की पुलिस और सीओ चरखारी वीपी सोलंकी का सहयोग लेकर पूर्व मंत्री बादशाह सिंह के कृषि फार्म हाउस से अपहृत किशोर को बरामद किया। उसके साथ लेते पूर्व मंत्री के बेटे शिवा सिंह, राजेश नाई और प्रबल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ चरखारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उन्होंने लखनऊ की टीम के साथ पहले बादशाह सिंह के आवास में तलाशी ली इसके बाद दूसरे मकान की तलाशी ली। खेत में बने कृषि फार्म हाउस की भी तलाशी ली अंत में बादशाह सिंह के आवास के पास थोड़े दूर बने अन्य फार्म हाउस में पुलिस ने अपहृत किशोर के साथ अन्य तीन लोगों को दबोच लिया। जिन्हें लखनऊ पुलिस अपने साथ ले गई है।
इनसेट
अपहरण नहीं किया बेटे का मित्र है शिवम- पूर्व मंत्रीे
पूर्व श्रम मंत्री बादशाह सिंह का कहना है कि शिवम जायसवाल मेरे पुत्र का मित्र है। शिवम जायसवाल मित्रता के कारण मेरे बेटे के साथ उसके घर आया था। जिसे मेरे बेटे ने खाना भी खिलाया और दोनाें साथ में लेटे थे। यदि अपहरण करने की नीयत होती तो मारते पीटते, मोबाइल छीनकर अलग कमरे में बांध कर डाल देते। किसी साजिश के तहत यह मुुकदमा लिखाया गया है। प्रबल प्रताप सिंह और राजेश नाई खरेला के ही उसके मित्र है जो शिवम के साथ हमेशा रहते है।