इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत भाजपा के पूर्व विधायक के भाई की गाड़ी से चेकिंग के दौरान 95 हजार रुपये मिले। स्टेटिक मजिस्ट्रेट की टीम ने रुपयों को जब्त कर लिया।मंगलवार दोपहर इकदिल थाना क्षेत्र में हाईवे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान भाजपा के पूर्व विधायक केके राज के भाई अनिलेश राज की गाड़ी वहां पहुंची। गाड़ी में 95 हजार रुपये रखे थे।
चेकिंग टीम ने रुपयों को जब्त कर उन्हें रसीद उपलब्ध करा दी। रुपयों के संबंध में आवश्यक प्रपत्रों की मांग की गई है। बताते चलें कि सराय जलाल में पूर्व विधायक केके राज के भाई अनिलेश का पेट्रोल पंप है। अनिलेश का कहना है कि पेट्रोल पंप पर बिक्री की धनराशि लेकर वह बैंक में जमा करने जा रहे थे। चेकिंग दल ने रुपये जब्त कर उन्हें रसीद उपलब्ध करा दी।
पूर्व विधायक केके राज ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सरासर नाइंसाफी है। पेट्रोल पंप का पैसा यदि बैंक में जमा नहीं होगा तो डीजल पेट्रोल की आपूर्ति बंद हो जाएगी। आवश्यक सेवाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।