एक युवती को आरएसी में तैनात जवान की फेसबुक फ्रेंडशिप रिक्वेस्ट स्वीकार करना महंगा पड़ गया। चेटिंग से शुरू हुई कहानी नजदीकियों में बदली। इसके बाद विश्वास में लेकर आरएसी जवान ने युवती से दुष्कर्म कर डाला।
मामला सामने आने पर पीड़िता के परिजनों ने पुलिस थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी आरएसी जवान को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला है राजस्थान की राजधानी जयपुर का। जहां कमिश्नरेट के पश्चिम जिले में करधनी थाना पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी हीरालाल मीणा है। वह अजमेर में हाड़ारानी बटालियन में तैनात आरएसी का कांस्टेबल है।
वहीं, 18 वर्षीया पीड़िता करधनी में कालवाड़ रोड पर रहती है। कुछ माह पहले आरोपी हीरालाल और पीड़िता की फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां हो गई। तब विश्वास में लेकर आरोपी हीरालाल ने युवती को अजमेर बुला लिया और वहीं उसे नशीला पेय पिलाया और अचेत होने पर उससे दुष्कर्म किया।
वहीं, युवती के घर से गायब होने पर 17 सितंंबर को परिजनों ने करधनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। बाद में, उसकी लोकेशन अजमेर में आई। उधर, आरोपी हीरालाल ने दुष्कर्म की शिकार युवती को वापस बस में बैठा दिया। तब अगले दिन दुष्कर्म पीड़िता युवती अपने घर पहुंची। घर वालों के पूछताछ पर उसने हकीकत बयां कर दी। तब उन्होंने करधनी थाने में हीरालाल के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाया।