देवी पंडाल में लगा करंट, मजदूर की मौत
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई रेलवे कॉलोनी में स्थापित देवी पंडाल में त्रिपाल कसते समय करंट लगने से टेंट मजदूर अनिल अहिरवार की मौत हो गई। यह हादसा बृहस्पतिवार की देर शाम हुआ।
बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे हंसारी क्षेत्र के श्रीनगर निवासी अनिल अहिरवार (28) अपने भाई संतोष के साथ रानी लक्ष्मीबाई रेलवे कालोनी में स्थापित देवी पंडाल में तिरपाल कस रहे थे। उस समय पंडाल में अंधेरा था। इसी बीच पंडाल से निकले बिजली तार में करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से अनिल झुलसकर नीचे गिर गए। आनन- फानन में लोग उसको लेकर सीपरी बाजार स्थित एक नर्सिंग होम पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कालेज ले जाने की सलाह दी। मेडिकल कालेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनिल के दो बच्चे हैं।
गर्भवती महिला को पीटा
झांसी। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लड़ावरा में शीला (27) के साथ गांव में ही रहने वाले परिवार के ही तीन लोगों ने मिलकर आपसी झगड़े को लेकर मारपीट कर दी थी। इस मारपीट के असर से उसके गर्भ में पल रहे पांच माह के भ्रूण पर पड़ा। मारपीट के 16 दिन बाद गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई।
विगत चार सितंबर की सुबह आठ बजे शाहजहांपुर क्षेत्र के गांव मड़ावरा में गुलाब राजपूत की पत्नी शीला के साथ पड़ोस में रहने वाले हरिशंकर, रामबिहारी और गौरी शंकर विवाद कर रहे थे। इस बात का शीला ने विरोध किया तो तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। गौरी शंकर की लात शीला के पेट में जाकर लगी, जिसका असर उसके गर्भ में पल रहे बच्चे पर पड़ा। इससे 20 सितंबर को उसका गर्भपात हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को मेडिकल कालेज में भ्रूण का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं, पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बताया गया है कि महिला की चार बेटियां हैं और यह बेटा होने वाला था।
आग से जली दो महिलाओं ने दम तोड़ा
झांसी। आग से जली दो महिलाओं ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। टीकमगढ़ क्षेत्र के गौना गांव निवासी लखचंद्र की पत्नी साधना (35) बृहस्पतिवार की सुबह आग की चपेट में आने से झुलस गई थी। शुक्रवार को साधना ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसी तरह आग से जली निवाड़ी क्षेत्र के बागपुरा निवासी राजू की पत्नी ममता (28) की उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्रभावशाली लोगों पर उत्पीड़न का आरोप
झांसी। गुरसराय क्षेत्र के सुट्टा गांव के सरमन कुशवाहा ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि उनके पड़ोस में रहने वाले एक प्रभावशाली परिवार ने उनका दूभर कर रखा है। उनको सिर्फ कमजोर और नीचा दिखाने के लिए उक्त परिवार के सदस्य उनके साथ गाली गालौज और अभद्रता करने की कोशिश में लगे रहते हैं। विगत 17 सितंबर को शौच के लिए उनकी पुत्री के साथ भी अभद्रता की। इससे उनका परिवार दहशत में है।
गुंडा एक्ट की कार्रवाई
झांसी। नवाबाद थाना पुलिस ने क्षेत्र में आतंक फैलाने के आरोप में एवट मार्केट निवासी राशिद, आसिफ, खुशीपुरा निवासी मनीष, कोतवाली क्षेत्र के जुगयाना निवासी प्रदीप प्रजापति और धीरेंद्र के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई कर दी है।