घटना के बारे में जानकारी देते रणधीर दोहरे।
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम हर्राजपुर में सौतेली बहन के प्यार में पागल युवक ने शनिवार को बांका से हमला कर दिया था। आरोपी सौतेली बहन पर भागकर शादी के लिए दबाव बना रहा था। यह खुलासा घायल युवती के पिता के थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद हुआ। युवती सैफई में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
हर्राजपुर निवासी रणधीर दोहरे पुत्र रामदीन के अनुसार शनिवार की सुबह वह पत्नी जानकी देवी, पुत्र अंकित व पंकज के साथ खेत पर गेहूं की कटाई करने गया था। घर पर पुत्री प्रियंका और जानकी के पहले पति महेश का बेटा अनिल कुमार था। अनिल 8-10 दिन से घर पर ही था।
प्रियंका की शादी तय हो गई थी। आरोप है कि अनिल, प्रियंका को गलत नजरों से देखता था। वह प्रियंका से अपने साथ भाग चलने के लिए कहता था। प्रियंका इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी विवाद के चलते शनिवार को अनिल ने प्रियंका का गला काटकर हत्या करने का प्रयास किया। जानकारी पर वह खेतों से घर पहुंचा। अनिल बेटी के गले पर बांका से वार कर रहा था।
शोर मचाने पर वह बांका सहित भाग गया। पुलिस ने देर शाम पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं घटना के बाद पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया था कि युवक अपनी शादी की तैयारियों के लिए सौतेली बहन को अपने साथ ले जाना चाहता था।