डीएलएफ फेज-5 की एक सोसायटी में रह रहे एनआरआई ने 14वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव को मॉर्चरी में रखवाया गया है। यूके में रह रहे मृतक के परिजनों को मामले की सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बताया जाता है कि विक्की बहल (40) पिछले सप्ताह ही यहां डीएलएफ फेज-5 स्थित वेनेटियन स्टेट्स सोसायटी स्थित अपनेे फ्लैट में आया था। उसका मलेशिया में कारोबार था और वह वहीं रहता था। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11 बजे विक्की ने इसी सोसायटी की 14वीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना सोसायटी के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। जिसके बाद रात करीब 11:30 बजे थाना सुशांत लोक पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि विक्की ने आत्महत्या क्यों की? इसका कुछ पता नहीं चल पाया है। सोसायटी के लोगों के अनुसार, 6-7 दिन पहले ही वह मलेशिया से यहां आया था।
वह मलेशिया में क्या कारोबार करता है, इसकी सोसायटी में रहने वाले लोगों को जानकारी नहीं है। सोसायटी के लोगों के अनुसार, मृतक के माता-पिता यूके में रहते हैं, जिन्हें मामले की सूचना दे दी गई है। वह लोग रविवार को गुरुग्राम पहुंचेंगे। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।