ज्योति नगर इलाके में बदमाशों के बीच हो रही फायरिंग में नौवीं कक्षा का छात्र जख्मी हो गया। उसे 11 जगह गोली के छर्रे लगे हैं। गंभीर रूप से घायल समीर खान (15) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, गली में हो रही गोलीबारी के बीच समीर दूसरी मंजिल स्थित खिड़की से झांक रहा था। इसी दौरान हुई हवाई फायरिंग के दौरान समीर जख्मी हो गया।
वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस मामला दर्ज आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, समीर परिवार के साथ गली नंबर-4, न्यू कर्दमपुरी में दूसरी मंजिल पर रहता है। इसके परिवार में पिता नवाब खान, मां तरन्नुम खान और तीन बहनें हैं। समीर पास के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है।
शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे इनकी गली में अचानक बदमाशों के दो गुटों में फायरिंग होने लगी। आवाज सुनकर समीर खिड़की से नीचे की ओर झांकने लगा। इसी दौरान हुई हवाई फायरिंग में उसके सिर, गर्दन, चेहरे और कंधे पर करीब 11 जगह गोली के छर्रे लग गए। शोर-शराबे के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। परिजन जख्मी हालत में समीर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपी बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।