माता-पिता की मौत के बाद छोटे भाई के साथ उड़ीसा में नौकरी कर रहे युवक की पैतृक घर में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पड़ोसियों ने कमरे में पड़ा शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल शुरू की है। जांच में जुटी पुलिस टीम ने प्रेम-प्रसंग के चलते युवक की हत्या की आशंका जाहिर की है। पड़ोसियों ने बताया युवक को अभी हाल में ही आवास आवंटित हुआ था। वह आवास का निर्माण कराने गांव आया था।
ठठिया थानाक्षेत्र के इनायतपुर निवासी 28 वर्षीय उमा शंकर कमल के पिता विशंबर दयाल और मां की बचपन में मौत हो गई थी। बहन मधु की बेबर मैनपुरी में शादी कर वह करीब 10 सालों से छोटे भाई दीपक के साथ उड़ीसा की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। हाल ही में उसे ग्राम प्रधान ने आवास आवंटित कराया था। एक माह पूर्व वह अकेले उड़ीसा से मकान का निर्माण कराने गांव आया था। शुक्रवार को उमा शंकर से मिलने पड़ोसी आशीष उसके घर गया था।
घर में उसकी लाश देखकर उसने पड़ोसियों को सूचना दी। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही एसपी हरीश चंदर, एएसपी केशव चंद्र गोस्वामी ने थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने फोरेंसिक टीम के साथ निरीक्षण किया। मौके के हालात देखकर अनुमान लगाया गया कि हत्यारों और उमाशंकर के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ है। मिट्टी का चूल्हा फूटा होने के साथ घर में रखा सामान बिखरा था। धारदार हथियारों से कई वार कर उमाशंकर को घायल करने के बाद हत्यारों ने उसका गला रेत है। इसके बाद घर के आंगन में उसकी लाश जलाने का प्रयास भी किया।
हत्या को अंजाम देने के बाद घर में रखी बाल्टी के पानी में खून से सने हाथों को धुलकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने उड़ीसा में रह रहे उसके भाई दीपक और उसकी बहन मधु को घटना की जानकारी दी। पड़ोसी गोपाल राम की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस अधिकारियों ने युवक की हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग के कारणों की होने की आशंका जाहिर की है। एसपी हरीशचंदर ने बताया कि करीब एक दिन पहले हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
दोस्त की तलाश में पुलिस
ठठिया। उड़ीसा से लौटने के बाद उमाशंकर पड़ोसियों की मदद से मकान का निर्माण करा रहा था। करीब 10 दिन पूर्व से उसके साथ घर में एक दोस्त भी रहने लगा था। जिसके बारे में पड़ोसियों को कोई भी जानकारी नहीं है। करीब तीन दिनों से उमाशंकर का यह दोस्त फरार चल रहा है। उमाशंकर की लाश मिलने के बाद पुलिस अब उसके इस गुमनाम दोस्त की तलाश में जुटीहै। पड़ोसियों के अनुसार उमाशंकर ने अपनी बहन और छोटे भाई दीपक कर शादी कर दी थी, लेकिन प्रेम-प्रसंग के चलते उसने अपनी शादी नहीं की थी।