फतेहपुर शहर के कलक्टरगंज में संचालित चिटफंड कंपनी निवेशकों का एक करोड़ के करीब का चूना लगाकर फरार हो गई। एक निवेशक ने 25 लाख से अधिक रकम का चूना लगाए जाने की एफआईआर दर्ज कराई है। कंपनी के संचालक मध्यप्रदेश के रहे हैं और कानपुर आरओसी से लाइसेंस भी प्राप्त किए थे।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह कस्बा निवासी माईदीन के बेटे नीलेश कुमार ने कोतवाली सदर में एफआईआर दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि शहर के राधानगर निवासी अमित मौर्या, अमर मौर्या और गाजीपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी कमलेश मौर्या ने कलक्टरगंज में संचालित फ्यूचर लाइफ कंपनी के डायरेक्टर सत्येंद्र भदौरिया से मुलाकात कराई थी। 11 नवंबर 2014 से उक्त आरोपियों के झांसे में आकर उसने आरडी कस्टमर तैयार किए। करीब 76 निवेशकों की आरडी चालू कराई। निवेशकों की आरडी दिसंबर 2015 में पूरी हुई थी।
उन्होंने कई बार रकम मांगी। इसी दौरान कंपनी का डायरेक्टर सत्येंद्र भदौरिया फरार हो गया। डायरेक्टर सत्येंद्र मध्यप्रदेश के भिंड मुरैना का रहने वाला है। तब उसने आरोपी अमित, अमर और कमलेश से रुपये वापस कराने की मांग की। पहले टरकाते रहे बाद में उन लोगों ने कंपनी के भाग जाने का हवाला देकर रुपये वापस न मिलने की बात कही। उसने मामले की पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। कोतवाल महेश पांडेय ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है।
साढ़े छह साल में तीन गुना
फ्यूचर लाइफ नाम से संचालित कंपनी कस्टमरों को लुभाने के लिए स्पेशल आफर्स चला रखे थे। उसमें एक ऑफर साढ़े छह साल में तीन गुना रकम देने का था। उस आफर को कुछ दिनों बाद ही बंद कर दिया था। दूसरा ऑफर छह साल में दो गुना का था। इसी तरह नीलेश को लोगों का एक साल में 18 हजार 250 रुपया जमा कराने पर 20 हजार रुपये देने का वादा किया था।