कसया। बीते सप्ताह लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई मारपीट में मरने वाले संदीप की पत्नी ने इस मामले के आरोपियों के घरवालों पर मंत्री के सामने ही दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सीओ और एसओ कसया से मिलकर ज्ञापन भी सौंपा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ ने आरोपियों पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बीते सप्ताह मूर्ति विसर्जन को लेकर भरौली पोखरे पर गोपालगढ़ गांव और कसया कस्बे के कुछ युवकों में विवाद हो गया था। अगली सुबह गोपालगढ़ निवासी संदीप का शव पोखरे में मिला था। परिवार तथा गांव के लोगों ने शव को फोरलेन पर रखकर जाम लगा दिया था। सीओ कसया राघवेन्द्र चतुर्वेदी ने 24 घंटे के अंदर ही हत्यारोपियों की गिरफ्तार का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया था। परंतु अब तक हत्यारोपी गिरफ्तार नहीं हुए हैं। मंगलवार की सुबह संदीप की पत्नी और घरवाले प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री से मिलने उनके गांव गए थे। संदीप की पत्नी का आरोप है कि वहां पहले से मौजूद नामजद आरोपी के पिता ने मंत्री के सामने ही उसके साथ दुर्व्यवहार किया। सीओ और एसओ को सौंपे ज्ञापन में संदीप की पत्नी ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ कसया ने एसओ कसया को मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। इस संबंध एसओ उमाशंकर यादव ने बताया कि महिला की तरफ से तहरीर मिली है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। जल्दी ही गिरफ्तार उसे जेल भेजा जाएगा।