गोला के केशवापुर में शुक्रवार की रात दुकानदार पर पिस्टल तानकर बदमाशों ने साढ़े तीन हजार रुपये और दूध का केन लूट लिया। पीड़ित ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी, जिसके बाद पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है।
केशवापार के रहने वाले सोनू चौरसिया की चौराहे पर जलपान गृह के नाम से दुकान है। शुक्रवार की रात नौ बजे दुकान बंद कर बाइक से सोनू घर जा रहे थे। दुकान में बचा दूध उन्होंने एक केन में रखा था। रास्ते में पल्सर सवार दो बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उनके पास से साढ़े तीन हजार रुपये के साथ दूध से भरा केन लूट लिया।
सोनू ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची गोला पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के साथ ही पीड़ित को सुबह बुलाया। शनिवार को थाने पहुंचे सोनू ने तहरीर देने के साथ ही बदमाशों का हुलिया बताया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।