फ तेहपुर। हुसैनगंज थाने के हैबतपुर गांव में आग से झुलसी महिला की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गईं। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर विवाहिता को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है।
गाजीपुर थाने के सिमौर गांव निवासी परमेश्वर की बेटी शांति देवी (25) की शादी पांच साल पहले हैबतपुर गांव के हीरालाल के साथ हुई थी। मां राजेश्वरी ने बताया कि हीरालाल राजगीरी का काम करता था। वह अक्सर शराब पीकर बेटी को मारपीट कर प्रताड़ित करता था। घर में मछली, मीट लाकर पकाता था। खाने को लेकर बेटी विरोध करती थी। इसी बात को लेकर सोमवार को विवाद हुआ था और दामाद ने उसकी पिटाई की थी। जिससे क्षुब्ध होकर बेटी ने आग लगाई थी। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।