गांव राहड़ी में कुछ युवकों द्वारा बेरहमी से की गई मारपीट में घायल युवक की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। मारपीट के दौरान उसकी गर्दन में गंभीर चोटें आई थी। उसे गंभीरावस्था में जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दो नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
गांव राहड़ी निवासी अरशद ने पुलिस को बताया कि उसका भाई आमिर शिकारपुर के निकट क्रेशर मेट्रो प्लांट पर मुंशी के तौर पर नौकरी करता था। 3 सितंबर की सुबह 7 बजे मेट्रो प्लांट पर गांव पाटूका निवासी इरशाद व फरीदाबाद के गांव बिझोपुर निवासी तालीम आमिर के पास पहुंचे और कुश्ती करने के लिए कहने लगे। कुश्ती में आमिर ने आरोपी तालीम को हरा दिया।
पीड़ित का आरोप है कि इसी रंजिश के कारण 10 बजे एक बुलेरो गाड़ी में दोनों युवक अपने चार साथियों के साथ दोबारा प्लांट पर पहुंचे और आमिर से कुश्ती करने के लिए कहने लगे। जब आमिर ने अपनी शादी की बात कहकर कुश्ती के लिए मना किया तो आरोपी मारपीट करने लगे। इस झगडे़ में आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट करते हुए आमिर की गर्दन तोड़ दी।
शोर सुनकर प्लांट पर क्रेेशर लेने गया उसका भाई एजाज मौके पर पहुंचा तो उसने आरोपियाें को आमिर के साथ बेरहमी से मारपीट करते देखा। गंभीर हालत में आमिर को शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज नल्हड़ नूंह में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते उसे रेफर कर दिया। इसके बाद उसे जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान आमिर ने दम तोड़ दिया।