पंजाब के फिरोजपुर में बीएसएफ ने बीओपी फतेहपुर (सेक्टर अमृतसर) में सरहद पर हेरोइन व असलाह की तस्करी करने के आरोप में दो भारतीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से बीएसएफ को बीस करोड़ की हेरोइन, एक पिस्टल, दो मैगजीन व पंद्रह कारतूस बरामद हुए हैं।
बीएसएफ के प्रवक्ता व डीआईजी आरएस कटारिया ने बताया कि बीएसएफ की बटालियन-67 के जवान बीओपी फतेहपुर के पास फेंसिंग पार खेतों में कार्य कर रहे किसानों की देखरेख कर रहे थे।
फेंसिंग पार से किसी किसान ने एक हेरोइन का पैकेट फेंसिंग के इस पार फेंका तो बीएसएफ जवानों को आवाज सुनाई दे गई। जवान सतर्क हो गए और उक्त एरिया में सर्च अभियान चलाया। बीएसएफ ने रांझा सिंह व सोनू कुमार शर्मा वासी धुग थाना भिंदी सैदा जिला अमृतसर को काबू कर लिया।
बीएसएफ को उनके पास से चार हेरोइन के पैकेट जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में बीस करोड़ रुपये है बरामद हुए हैं। साथ ही एक पिस्टल, दो मैगजीन व पंद्रह कारतूस बरामद हुए हैं। बीएसएफ उक्त तस्करों से गहन पूछताछ करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि दोनों तस्करों के पाकिस्तानी तस्करों के साथ गहरे संबंध हैं।