बघौली। थाना क्षेत्र के एक गांव की दस वर्षीय बालिका ने दो युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज ली है। बालिका को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। डॉक्टर के अवकाश पर होने के कारण मेडिकल नहीं हो पाया। एएसपी पूर्वी बीसी दुबे ने गांव जाकर परिजनों से जानकारी ली।
पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बालिका सोमवार देर शाम शौच के लिए खेतों पर गई थी। इस दौरान दो युवकों ने उसे दबोच लिया और यूकेलिप्टस के बाग में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घर पहुंची बालिका ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी जावेद अहमद ने बताया दोनों आरोपी फरार हैं। बालिका को डाक्टरी परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भिजवाया गया था, लेकिन मेडिकल नहीं हो पाया। मंगलवार को एएसपी पूर्वी बीसी दुबे ने गांव पहुंचकर पीड़िता के पिता व ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारी को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।