स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का सीनियर मैनेजर बता कर एक शातिर ने महिला के बैंक खाते से 43 हजार रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दे डाला।
थाना न्यू शिमला में न्यू शिमला की स्थायी महिला उर्मिला जम्वाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 नवंबर को उन्हें एक अंजान नंबर से मोबाइल पर फोन आया और कहा कि मैं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का सीनियर मैनेजर दीपक शर्मा बात कर रहा हूं।
शातिर ने कहा कि आपका बैंक खाते का डेबिट कार्ड जीएसटी के कारण बंद पड़ा है। आप अपना कार्ड का नंबर बताएं तो मैं इसे खोल दूंगा। ठगी का शिकार बनी पीड़िता ने शातिर को कार्ड का नंबर बता दिया।
उसके बाद महिला को पता लगा कि उसके खाते से तीन बार किसी ने पैसे निकाले हैं। जब उर्मिला ने बैंक में पता किया तो उसके खाते से शातिर ने 43 हजार रुपये उड़ा लिए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक सौम्या सांबशिवन ने बताया कि एक ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच को बढ़ा रही है।
स्कूटी सवार से ढाई लाख नकद बरामद
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मैरा फाटक के नजदीक सर्विलेंस इंस्पेक्टर भारती पुन्नी के नेतृत्व में की गई नाकाबंदी के दौरान एक स्कूटी सवार से करीब ढाई लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।
भारती पुन्नी ने बताया कि मैरा फाटक में चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार नाकाबंदी की गई थी, इस दौरान एक स्कूटी को रोक कर तलाशी लेने पर उसमें से ढाई लाख रुपये नकद बरामद हुए।
स्कूटी चालक से इस नकदी के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि वह एलआईसी का एजेंट है तथा किश्तें जमा करवाने के लिए जा रहा है, इसके उसके पास दस्तावेज भी थे। दस्तावेज पूरा होने के बाद उसे नकदी वापिस दे दी गई।
सर्विलेंस इंस्पेक्टर भारती पुन्नी ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी है तथा इसकी वीडियोग्राफी भी जा रही है। इस मौके पर यशवंत सिंह, गुलशन कुमार सहित अन्य पुलिस दल मौजूद रहा।