फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इलाहाबाद तक पहुंची ‘पद्मावत’ के विरोध की आग, तोड़फोड़ व आगजनी

Wed, 24 Jan 2018 12:54 AM IST
इलाहाबाद ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ के विरोध की आंच इलाहाबाद भी पहुंच गई है। मंगलवार को फिल्म के विरोध में जगह-जगह तोड़फोड़, आगजनी हुई। म्योहाल चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करने वालों ने सिटी बस में न सिर्फ तोड़फोड़ की, बल्कि सीटों में आग भी लगा दी। उधर, मजार तिराहे पर भी सिटी बस में तोड़फोड़ के साथ आग लगाने का प्रयास किया गया। एक अन्य घटना में कीडगंज स्थित पायल सिनेमा हाल में तोड़फोड़ की गई। इसी क्रम में सीएमपी डिग्री कॉलेज के सामने से गुजरती रोडवेज की बस पर कुछ उपद्रवियों ने पत्थर चलाए। इससे बस के शीशे टूट गए। म्योहाल पर हुई घटना में सिविल लाइंस पुलिस ने बस चालक की तहरीर पर सात लोगों को नामजद करते हुए कुल 35 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। नामजद लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य दोनों घटनाओं में उपद्रवियों की तलाश की जा रही है। 
विज्ञापन


पहली घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित म्योहाल चौराहे के पास हुई। पुलिस ने बताया कि सिटी बस सेवा में बतौर संविदा चालक तैनात जटाशंकर बिंद यात्रियों से भरी बस लेकर मंगलवार दोपहर करीब 12.50 मिनट पर पूरे गड़रिया से मीरापुर जा रहा था। अभी बस चौराहा पार कर वहां स्थित यात्री शेड के पास पहुंची ही थी कि  पहले से मौजूद 30-35 लोेगों ने बस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक पथराव से यात्री दहशत में आ गए। वहां से होकर गुजर रहे राहगीरों में भी अफरातफरी मच गई। पथराव के दौरान ही उपद्रवियाें की भीड़ में शामिल दो युवक बस के भीतर घुस आए। अगले ही पल उन्होंने बोतल में भरा पेट्रोल निकाल लिया। यह देख दहशत में आए यात्री, चालक व परिचालक बस से नीचे उतर आए। तब तक दोनों युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर चार सीटों में आग लगा दी। 

इस बीच पथराव में बस के आगे की ओर और खिड़कियों में लगे शीशे टूट गए। उपद्रव होते देख चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने खदेड़ा तो उपद्रवी भागने लगे। तब तक सूचना पाकर कर्नलगंज पुलिस और फिर एसएसपी आकाश कुलहरि भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान सात उपद्रवी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जबकि अन्य भाग निकलने में कामयाब रहे। 
विज्ञापन

फायरब्रिगेड को बुलाया गया, जिसने कुछ ही देर में बस की सीटों में लगी आग पर काबू पा लिया। हिरासत में लिए गए युवक ों को लेकर पुलिस सिविल लाइंस थाने पहुंची। यहां कुछ देर बाद एसएसपी के अलावा सीओ सिविल लाइंस श्रीश्चंद्र व सीओ कर्नलगंज भी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने पकड़े गए युवकों से पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवकों ने अपना नाम मानवेंद्र प्रताप सिंह पुत्र सुरेश प्रताप सिंह निवासी सोरांव, रवि सिंह पुत्र विजय प्रताप सिंह निवासी थरवई, अवनीश कुमार सिंह पुत्र गोपाल शरण सिंह निवासी थाना शादात जिला गाजीपुर, विश्व प्रताप सिंह पुत्र राधेकृष्ण सिंह निवासी थाना शिवगढ़ जिला रायबरेली, अभिषेक यादव पुत्र राजाराम यादव निवासी थाना लाइन बाजार जिला जौनपुर, आदित्य कुमार सिंह पुत्र प्रमोद कुमार सिंह थाना शादात जिला गाजीपुर और अमित पाल पुत्र नरेंद्र पाल निवासी थाना सकलडीहा जिला चंदौली बताया है। 
सिविल लाइंस थाना के प्रभारी बृजेश कुमार यादव ने बताया कि इनके खिलाफ चालक जटाशंकर की तहरीर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही 28 अज्ञात के भी खिलाफ एफआईआर हुई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

बस में आग लगाने का प्रयास
अभी पुलिस म्योहाल मामले के आरोपियों से पूछताछ में ही लगी थी कि कुछ लोगों ने चैथम लाइंस स्थित मजार तिराहे के पास एक सिटी बस में तोड़फोड़ की। उपद्रवियों ने पथराव कर बस के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। बस शांतिपुरम से औद्योगिक क्षेत्र स्थित रेमंड तिराहे पर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बस फूंकने का भी प्रयास किया गया। हालांकि चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए आग बुझा ली। सूचना पर मम्फोर्डगंज चौकी से पुलिस पहुंची लेकिन तब तक उपद्रवी भाग निकले। खबर लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी। हालांकि सिटी बस सेवा केसेवा प्रबंधक आरएम वर्मा ने बताया कि तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इंस्पेक्टर कर्नलगंज अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।

पत्थर मारकर तोड़ दिया काउंटर का शीशा
इसी क्रम में कीडगंज थाना क्षेत्र स्थित पायल सिनेमा हाल में भी तोड़फोड़ की गई। दोपहर में करीब तीन बजे तीन-चार युवक सिनेमा हाल के काउंटर पर पहुंचे और पत्थर मारकर वहां लगा शीशा तोड़ दिया। जाते-जाते युवकों ने काउंटर पर बैठे कर्मचारियों को धमकी भी दी। कहा कि सिनेमाहाल में ‘पद्मावत‘ दिखाई गई तो इसका अंजाम बुरा होगा। इंस्पेक्टर कीडगंज राजकुमार शर्मा ने बताया कि अभी सिनेमाहाल मालिक की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

दहशत में आकर रोने लगे बच्चे-महिलाएं
ड्राइवर जटाशंक रने बताया कि जिस समय पथराव शुरू हुआ, बस में कई महिला यात्रियों के अलावा बच्चे भी सवार थे। पथराव होने पर सभी दहशत में आकर रोने व चीखने लगे। कुछ देर बाद दो उपद्रवी बस में चढ़ तो वे नीचे उतरकर भागे। हड़बड़ी में बस से उतरने के दौरान गिरने के कारण कुछ यात्री मामूली रूप से चोटिल भी हुए।

चंद मिनटों पहले गुजरी थी मंत्रियों की फ्लीट
खास बात यह है जिस समय म्योहाल चौराहे पर यह पूरा उपद्रव हुआ, उससे चंद मिनटों पहले ही सूबे के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी और सिद्धार्थनाथ सिंह की फ्लीट वहां से गुजरी थी। दोनाें मंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइंस पहुंचे थे और इसके बाद नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में मतदान करने के लिए नगर निगम की ओर जा रहे थे।


कहीं न कहीं पुलिस से हुई चूक
म्योहाल पर हुई घटना कहीं न कहीं पुलिस की चूक का भी नतीजा है। यहीं से होकर सूबे केदो मंत्रियों की फ्लीट गुजरनी थी। ऐसे में पुलिस को पहले से अलर्ट होना चाहिए था। यही नहीं मौकेपर हमेशा ही ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रहती है। इसकेबावजूद 35-40 लोग चौराहे पर इकट्ठे हुए और उन्हें इसकी भनक भी नहीं लग सकी। इससे साफ है कि पुलिस अलर्ट होती तो शायद उपद्रवियों को रोका जा सकता था।


अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा से जुड़े थे विवाद करने वाले: एसएसपी
मामले में एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि तोड़फोड़, आगजनी करने वाले अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा से जुड़े थे। मामले में सात लोग गिरफ्तार किए गए हैं। उपद्रव करने वाले अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

नहीं लगनी चाहिए फिल्म, इसी का विरोध
उधर इस मामले में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष मुकेश सिंह आशा ने बताया कि यह प्रदर्शन फिल्म के विरोध में किया गया। कुछ सिनेमाहाल मालिक फिल्म न दिखाने के लिए राजी हो गए हैं। फिलहाल ऊपर से जो निर्देश मिलेगा, आगे वैसा ही किया जाएगा। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें