मामले की जानकारी देते पुलिस अधीक्षक सुभाष सिंह बघेल।
- फोटो : amarujala
फर्रुखाबाद। पत्नी के मायके चले जाने और बच्चों की परवरिश से परेशान नशेड़ी ने ही अपने ही बेटे की हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना मऊदरवाजा के गांव बरौन निवासी अंशू (5) पुत्र जबर सिंह कठेरिया 18 मई को घर के बाहर से लापता हो गया था। दूसरे दिन उसका शव गांव के ही मक्का के खेत में मिला था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। जबर सिंह ने बेटे की हत्या की बात अपने पिता नन्हेंलाल को बताई।
नन्हेंलाल ने पुलिस को सारा मामला बताया। पुलिस ने रविवार देर रात ही उसे दबोच लिया। मंगलवार को पुलिस लाइन में एसपी सुभाष सिंह बघेल ने प्रेसवार्ता में बताया कि पिता ने ही अपने बेटे को मौत के घाट उतार दिया था। घटना वाले दिन वह नशे में होने के बाद अपने बेटे को बुला ले गया। उसने नाड़े से उसकी गला कस कर हत्या कर शव को छिपा दिया। पुलिस पूछताछ में उसने खुद हत्या की बात कबूली है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया यहां से उसे जेल भेज दिया गया।