शाहगंज की आरपीएफ की टीम ने रविवार को जौनपुर जिले के सीमावर्ती सुल्तानपुर के अखंड नगर बाजार के एक मोबाइल की दुकान से प्रतिबंधित रेड मिर्ची रियल मैंगो सॉफ्टवेयर से रेलवे के ई-टिकट बनाने वाले को गिरफ्तार किया है। उसकी दुकान से दो प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर, एक लैपटॉप, 21 ई टिकट और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
हेड क्वार्टर लखनऊ से रविवार को शाहगंज रेलवे स्टेशन आरपीएफ को सूचना मिली कि अखंड नगर बाजार के मुस्कान मोबाइल सेंटर में प्रतिबंधित साफ्टवेयर से रेलवे के ई-टिकट बनाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ प्रभारी संदीप यादव के नेतृत्व छापा मारा गया।
दुकान से टीम को 21 ई-टिकट, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन व प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर रेड मिर्ची व रियल मैंगो बरामद किए गए। उसके बाद आरोपी बम बहादुर निवासी अखंडनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे गिरफ्तार कर शाहगंज लाया गया और मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
शाहगंज के आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और साफ्टवेयर की जांच की जा रही है।