गोरखपुर। पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले तीन धंधेबाजों को पकड़ा। इस दौरान तैयार की जा चुकीं दो हजार बोतलों के अलावा भारी संख्या में खाली बोतल और रैपर बरामद किया। यहां पर देशी के अलावा अंग्रेजी शराब बनाने का भी काम चल रहा था।
पुलिस ने लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान ब्रजेश सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात 10 बजे गगहा एसओ गिरजेश तिवारी गश्त पर निकले थे। गोरखपुर-वाराणसी हाइवे पर एक व्यक्ति के पास तीन पेटी शराब मिली। उसकी पहचान सहजनवां एरिया के भरसाड़ निवासी गोपाल के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि बड़हलगंज के फरसाड़ में सतीश, अच्छेलाल और पन्नेलाल नकली शराब बनाते हैं।
गोला स्थित एक मकान में नकली शराब की फैक्ट्री चल रही है। एसओ गगहा ने बड़हलगंज के थानेदार चौथीराम को इसकी जानकारी दी। एसपी ग्रामीण ब्रजेश सिंह और सीओ बांसगांव राधेश्याम राय को सूचना देकर कार्रवाई की अनुमति मांगी। टीम बनाकर पुलिस फरसाड़ पहुंची और अच्छेलाल के मकान को घेरकर तलाशी ली। कटरैन के मकान में छिपे दो युवक भाग निकले।
दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनमें एक बड़हलगंज एरिया के फड़सार निवासी भोला पासवान और दूसरा धुधुरी गांव सतीश पासवान है।
ये हुई बरामदगी
24 पेटी देसी शराब लैला ब्रांड, 600 लीटर स्प्रिट, ढक्कन पैकिंग मशीन, प्लास्टिक पाइप, 20 लीटर के 10 गैलन, भारी मात्रा में होलोग्राम, दो बोतल में विभिन्न मिलावटी सामान, डेढ़ किलो ब्लू लाइन का रैपर, एक किलो बेडेज लाइन का रैपर, मिस्टर लाइम का रैपर।