छिबरामऊ। क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर बनवारी में शुक्रवार को शराब के नशे में एक युवक ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटकर मार डाला। मृतका के पिता ने गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने बच्चों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सरायप्रयाग निवासी रामदास और उनकी पत्नी अमृता देवी ने बताया कि उन्होंने आठ साल पहले अपनी पुत्री सीमा की शादी ग्राम कुंवरपुर बनवारी निवासी देवेंद्र पुत्र रामवृक्ष जाटव के साथ की थी।
देवेंद्र नशे का आदी है और नशे में धुत होकर वह आएदिन उसकी पुत्री सीमा (28) को पीटता था। आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह भी उसने नशे में सीमा को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मारपीट से परेशान होकर उसकी पुत्री दो माह मायके में रही थी। कुछ दिन पहले देवेंद्र उसे अपने साथ ले गया था। जानकारी पर घटनास्थल पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी श्रीकांत प्रजापति व प्रभारी कोतवाल हरिओम गुप्ता ने मृतका के पति और उसके बच्चों काजल (5), रमन (4) व सेजल (2) से भी पूछताछ की। देवेंद्र ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे सीमा लघुशंका को गई थी, तभी पैर फिसलने से वह गिर पड़ी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता रामदास ने अपने दामाद देवेंद्र के खिलाफ कोतवाली में गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया है।