बुधवार शाम एक युवती का शव ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालोें ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने शव क ब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया है। घटना की रिपोर्ट मृतका के पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई है।
बंडा के गांव भितिया श्याम निवासी मुकेश की शादी एक वर्ष पूर्व निगोही के गांव लधोला निवासी सुभाष की 21 वर्षीय पुत्री रश्मि के साथ हुई थी। मुकेश ने बताया कि वह बुधवार को काम से बाहर गया था। तभी शाम के वक्त रश्मि ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मुकेश ने मामले की सूचना अपनी ससुराल के लोगों और पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया।
भितिया श्याम पहुंचीं रश्मि की मां सुधा देवी ने आरोप लगाया कि मुकेश और उसके घरवाले शादी में दिए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। ये लोग बाइक, 50 हजार रुपये की मांग को लेकर रश्मि का उत्पीड़न कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मुकेश ने अपने पिता बांकेलाल, भाई अवनीश और मां की मदद से रश्मि की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर लाश को फांसी पर लटका दिया। सुधा की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच सीओ सुमित शुक्ला करेंगे।