फतेहपुर। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बुधवार शाम बाइक सवार पति की मौत हो गई। वहीं घायल पत्नी को कानपुर रेफर किया गया है। घटना से चार मासूम बच्चों से पिता का साया छिन गया है। पुलिस ने ट्रक पकड़ लिया है।
हुसैनगंज थाने के बीसापुर गांव निवासी सीताराम (40) अपनी पत्नी सुनीता को बाइक से लेकर शहर इलाज कराने आ रहे थे। बाइक में सातमील के पास पेट्रोल भराकर निकले। तभी शहर की ओर आने वाला ट्रक पंप में तेजी से घुसा।
बाइक सवार दंपत्ति ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर डाक्टरों ने सीताराम को मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी की हालत नाजुक देखकर कानपुर रेफर किया गया है। परिजनों ने बताया कि सीताराम का बेटा रवि (13) बेटी शिवानी (11) सुलोचना (9) अंजली (6) और संध्या (2) हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।