सड़क हादसे के बाद ट्रक के नीचे फंसे दंपति के शव को देखती भीड़।
- फोटो : amar ujala
शहर के पूर्वी बाईपास जीटी रोड पर सोमवार सुबह बाइक की टक्कर से सड़क पर गिरे फर्रुखाबाद के खुदागंज निवासी पति, पत्नी और मौसेरी बहन को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौत हो गई और रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने पहिये के नीचे फंसे दपंति के शवों को ट्रक जैक से उठवाकर निकाला। रक्षाबंधन मनाकर दंपति मैनपुरी जिले से लौट रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव खुदागंज निवासी ओमप्रकाश के बेटे राजेश कुमार शाक्य (22) की ससुराल मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के गांव खड़ेपुरा में है। रक्षाबंधन पर रविवार को राजेश पत्नी प्रिया (20) को लेकर ससुराल गया था। सोमवार को पति-पत्नी बाइक से घर लौट रहे थे। राजेश के साथ बाइक पर मौसी की बेटी रंजना (19) पत्नी मनोज भी थी। सुबह करीब 11:30 बजे छिबरामऊ के पूर्वी बाईपास स्थित एक स्कूल पास पीछे से आए बाइक सवार ने ओवरटेक करने में राजेश की बाइक में टक्कर मार दी। इससे राजेश, उसकी पत्नी और बहन सड़क पर जा गिरी।
पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों को रौंद दिया। पहिये के नीचे दबने से दंपति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रंजना गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर और टक्कर मारने वाला बाइक सवार बाइक लेकर भाग निकाले। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रंजना को एंबुलेंस से सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद जीटी रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने जैक लगाकर ट्रक को उठवाकर दंपति के शव निकलवाए और ट्रक को किनारे कर जाम खुलवाया। सूचना पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने ट्रक को सिकंदरपुर पुलिस चौकी मे खड़ा करा दिया। ओम प्रकाश ने अज्ञात चालक के खिलाफ दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।