चकलवंशी। रसूलाबाद-मुंशीगंज मार्ग पर शाहाबाद गांव के निकट झाड़ियों में महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला की पहचान कराने की कोशिश की, इसमें सफलता नहीं मिली। पहचान न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ग्रामीणों ने हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंके जाने की आशंका जताई है।
गुरुवार देर शाम आसीवन थानाक्षेत्र के शाहाबाद में ग्रामीणों ने एक 32 वर्षीय महिला का झाड़ियों के बीच शव पड़ा देखा। महिला के सिर में चोट के निशान थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने महिला की पहचान कराने की कोशिश की। एसओ दिनेश चंद मिश्रा ने बताया कि शव को कहीं और से लाकर यहां फेेंके जाने की पुष्टि हो रही है। महिला ने हरी साड़ी व हरा ब्लाउज पहन रखा है। पैरों में लाल रंग लगा हुआ है। चौकी प्रभारी रसूलाबाद गौरव कुमार ने शव की पहचान न होने पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि महिला की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
------------------------------