कुछ देर पहले हुआ था पेट्रोल पंप कर्मी से झगड़ा
कोतवाली क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक को गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे संदिग्ध हालात में जांघ में गोली लग गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, जबकि युवक का पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ एक घंटा पहले झगड़ा हुआ था।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव मल्लाहपुर के निवासी सुनील (30) वर्ष नौसेरा की ओर से आ रहा था। उसने लालपुल स्थित दास पेट्रोल पंप पर रात साढ़े 12 बजे के करीब पेट्रोल भरवाया। वहां पर रुपये के लेनदेन को लेकर एक पेट्रोल पंप कर्मी के साथ मारपीट हो गई। इस पर सुनील ने मामले की सूचना लालपुल चौकी इंचार्ज को दी। चौकी पुलिस ने उसे कोतवाली भेज दिया। आरोप है कि रास्ते में किसी ने सुनील पर गोली चला दी, जो उसकी जांघ में लगी।
------
सुनील शराब के नशे में था। उस पर गोली किसने चलाई? इसकी जानकारी नहीं होने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-संत कुमार उपाध्याय, इंस्पेक्टर, कोतवाली