बिधूना-रामगढ़ मार्ग पर असजना गांव के संपर्क मार्ग पर मंगलवार की रात दो बाइकों से आए चार बदमाशों ने अधेड़ को घेर लिया। इन्होंने तमंचा लगाकर उसकी जेब से नौ हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। इसके बाद बदमाश अधेड़ की बाइक छीनकर भाग गए। पीड़ित ने गांव पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद सभी लोग कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने चार बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श नगर बिधूना निवासी बदन सिंह पुत्र गजराज सिंह बेटे की रिश्तेदारी असजना से बाइक से मंगलवार की रात करीब नौ बजे वापस आ रहे थे। बिधूना-रामगढ़ मार्ग से असजना के लिए जाने वाले मार्ग पर सती ताल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने बदन सिंह को घेर लिया। यह मारपीट करने लगे। इन्होंने बदन सिंह की जेब में पड़े नौ हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया।
बदन सिंह ने चिल्लाना शुरू किया तो बदमाशों ने तमंचा लगा दिया। इसके बाद बदमाश बाइक छीनकर भाग गए। पीड़ित ने घर जाकर घटना बताई। यह परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे। बदन सिंह के पुत्र नारायण सिंह ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।