पचदेवरा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर कार में रगड़ लगने पर बैंककर्मी ने डीसीएम चालक को पीट दिया। चालक ने आरोप लगाया कि उसके 10 हजार रुपये भी छीन लिए। घटना से नाराज डीसीएम सवार महिलाओं ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने महिलाओं को समझाया। पीड़ित चालक ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शाहजहांपुर के थाना अल्हागंज के रामपुर निवासी संजेश अपने पुत्र ऋषि का मुंडन संस्कार हरदोई के बाबा मंदिर से कराने के लिए बुधवार दोपहर डीसीएम से आ रहा था। डीसीएम चिलौआ निवासी अशोक चला रहा था। अनंगपुर चौराहे के पास बैंक आफ इंडिया के फील्ड आफीसर कार मोड़ रहे थे। इसी दौरान अशोक ने कट मारा तो डीसीएम कार के बोनट में छू गई। बैंककर्मी ने डीसीएम चालक पर कार में टक्कर मारने का आरोप लगा उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि नुकसान के खर्चे के नाम पर 10 हजार रुपये भी छीन लिए। इससे नाराज डीसीएम सवार महिलाएं अनंगपुर चौराहे पर जाम लगाकर हंगामा करने लगीं। एसओ लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं को समझाकर जाम खुलवा दिया गया है।