मंगोलपुरी इलाके में सोमवार रात एक निजी बैंक के मैनेजर ने अपनी प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपना गुनाह छुपाने के लिए सड़क हादसे में घायल होने की बात कहकर पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन एक चश्मदीद ने पुलिस को घटना की सारी जानकारी दे दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता से पीछा छुड़ाना चाहता था।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात एक शख्स ने पुलिस को फोन कर बताया कि एक युवक वाई ब्लॉक के पास युवती की बेरहमी से पिटाई कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
पुलिस ने फोन करने वाले शख्स से बात की। उस शख्स ने बताया कि युवक आईटेन कार से युवती को घटनास्थल लाया था और उसकी पिटाई कर रहा था। बाद में अचेत होने पर वह युवती को कार में डालकर ले गया। उस शख्स ने कार का पीछा किया। युवती को लेकर युवक बालाजी अस्पताल पहुंचा। पुलिस बालाजी अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि युवती कोमा में है।