घटना के बाद जुटी लोगों की भीड़
- फोटो : pratapgarh
आसपुर देवसरा इलाके में शुक्रवार रात छप्पर के नीचे सो रहे अधेड़ की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ लाश मिलने पर परिवार के लोग रोने बिलखने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की आशंका के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के कोपा निवासी रामसुख (48) मिट्टी का बर्तन बनाकर परिवार का गुजर बसर करता था। शुक्रवार को वह घर से दूर विनैका गांव की सीमा पर पट्टे की जमीन पर बने छप्पर के नीचे कच्ची मिट्टी का बर्तन बनाने के बाद खाना खाकर सो गया। हर दिन उसके साथ रहने वाली पत्नी घर चली आई थी। रात में अज्ञात लोगों ने ईंट-पत्थर से सिर कूंचकर रामसुख की हत्या कर दी। शनिवार की सुबह बेटा अरविंद प्रजापति पिता के पास पहुंचा तो वहां का नजारा देख दंग रह गया।
सूचना मिलने पर देवसरा पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे अरविंद की तहरीर पर पुलिस ने कल्लू केवट व कल्लू खरवार निवासी विनैका और छोटेलाल मौर्य निवासी कोपा के खिलाफ बहिस्तवा मुकदमा दर्ज कर लिया। एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी कल्लू केवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।